प्रवाह ज्ञान संगम नवाचार से बच्चों को मिला रंगों की दुनिया का अनुभव
विद्यालय और समुदाय के संगम से संवर रहा बचपन, चंगोरी में चित्रकार/पेंटर कार्यशाला आयोजित
चंगोरी स्कूल में चित्रकार एवं पेंटर की कार्यशाला आयोजित, बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
पाटन। शासकीय प्राथमिक शाला चंगोरी में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं कलात्मक अभिरुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रधानपाठक विरेन्द्र कुमार साहू की अभिनव पहल ‘प्रवाह ज्ञान संगम – बच्चों की समग्र विकास मंच’ के अंतर्गत चित्रकार एवं पेंटर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिससे बच्चों का समग्र विकास हो सके। कार्यशाला में स्थानीय चित्रकार श्री महेश आडिल एवं श्री विजय निर्मलकर ने बच्चों को चित्रकला, रंगों के संयोजन, रेखांकन तथा पेंटिंग की बारीकियों से परिचित कराया।
कार्यशाला में बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न चित्रों को उकेरा तथा रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को साकार किया। चित्रकारों ने बच्चों को सरल एवं रोचक गतिविधियों के माध्यम से चित्र बनाने की तकनीक समझाई। इस दौरान बच्चों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति देखते ही बनी। चित्रकार एवं पेंटर ने विधालय के लिए कबाड़ की सामाग्री से सुविचार लिखकर दान दिया है।
प्रधानपाठक विरेन्द्र कुमार साहू ने बताया कि ‘प्रवाह ज्ञान संगम’ का उद्देश्य विद्यालय को केवल पाठ्यपुस्तकीय शिक्षा तक सीमित न रखते हुए बच्चों को जीवन के विविध क्षेत्रों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से समुदाय के विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष एवं अनुभवी व्यक्तियों को विद्यालय में आमंत्रित कर बच्चों से सीधे संवाद और गतिविधियां कराई जाती हैं।
छुट्टी भूले कौही के स्कूली बच्चे, राष्ट्रनायकों को किया याद ; सरपंच ने कही बड़ी बात
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी रुचि पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा नई संभावनाओं की खोज करने का अवसर प्रदान करते हैं। समुदाय के अनुभवी व्यक्तियों का विद्यालय से जुड़ाव शिक्षा को अधिक जीवंत, आनंददायी और अनुभवात्मक बनाता है।
उल्लेखनीय है कि शासकीय प्राथमिक शाला चंगोरी में प्रवाह ज्ञान संगम नवाचार के माध्यम से चित्रकार, कलाकार, साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों को आमंत्रित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की अनुभवात्मक, कौशल आधारित एवं समग्र शिक्षा की भावना को विद्यालय स्तर पर साकार करने का अभिनव प्रयास है।
कार्यशाला के समापन पर संस्था के सुश्री योगेश्वरी वर्मा सहायक शिक्षक एवं बच्चों ने चित्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों के सहयोग एवं समयदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।


