
* तरीघाट क्षेत्र में एयरटेल नेटवर्क ठप! , छ महीने से मोबाइल नेटवर्क की हालत खराब, हजारों उपभोक्ता परेशान…
* कस्टमर केयर में शिकायतों की भरमार, समाधान नहीं; अब दूसरे नेटवर्क का विकल्प तलाश रहे ग्राहक…

पाटन। तरीघाट क्षेत्र में एयरटेल मोबाइल नेटवर्क की बदहाल व्यवस्था ने हजारों उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले करीब छः महीने से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। मोबाइल स्क्रीन पर कभी G तो कभी E नेटवर्क दिखाई देने से कॉलिंग और इंटरनेट सेवा बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
शिकायत करते-करते थके ग्राहक, समस्या जस की तस
क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है कि नेटवर्क समस्या को लेकर एयरटेल कस्टमर केयर और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। शिकायत दर्ज होने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कंपनी को लगातार समस्या की जानकारी देने के बावजूद उनकी परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

4G से 5G अपग्रेड के बाद बिगड़ी व्यवस्था!
उपभोक्ताओं के मुताबिक कुछ महीने पहले क्षेत्र में पुराने टावर को 4G से 5G में अपग्रेड किया गया था। इसके बाद से ही नेटवर्क को लेकर परेशानी बढ़ी है। 5G सेवा शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे ग्राहकों को बेहतर सुविधा मिलने के बजाय कमजोर नेटवर्क का सामना करना पड़ रहा है।
ऑनलाइन दौर में नेटवर्क ठप, थम रहे जरूरी काम
आज मोबाइल और इंटरनेट लोगों की दैनिक जरूरत बन चुके हैं। ऑनलाइन पढ़ाई, कार्यालयीन काम, डिजिटल भुगतान, मोबाइल बैंकिंग, सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य और आपसी बातचीत तक के लिए लोग टेलीकॉम नेटवर्क पर निर्भर हैं। ऐसे में नेटवर्क ठप होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के जरूरी कार्यों में परेशानी उठानी पड़ रही है।
तरीघाट ही नहीं, कई गांवों में असर
तरीघाट के साथ सोनपुर, सिपकोना, लमकेनी, परसुलीडह सहित आसपास के कई गांवों में भी एयरटेल उपभोक्ताओं को नेटवर्क संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्राहक होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
अब बदलने लगे ग्राहक का रुख, अन्य विकल्प तलाश रहे हैं उपभोक्ता
लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से कई उपभोक्ता अब दूसरे टेलीकॉम नेटवर्क में पोर्ट कराने अथवा नया कनेक्शन लेने का विकल्प तलाश रहे हैं। ग्राहकों का कहना है कि वे नियमित रूप से सेवा के लिए भुगतान कर रहे हैं, ऐसे में कंपनी की जिम्मेदारी है कि उन्हें भरोसेमंद नेटवर्क उपलब्ध कराया जाए।
अब देखना यह है कि उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद एयरटेल कंपनी तरीघाट क्षेत्र की नेटवर्क समस्या को कब तक दूर करती है।




