* सैकड़ों ग्रामीणों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कलेक्टर दुर्ग को सौंपा ज्ञापन…
* ग्राम खेरधा में प्रस्तावित बायो गैस/सीएनजी प्लांट निर्माण पर रोक लगाने की मांग…
दुर्ग ; ग्राम पंचायत खेरथा में प्रस्तावित बायो गैस/सीएनजी प्लांट के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों ग्रामीणों ने जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित प्लांट के निर्माण पर तत्काल रोक लगाने तथा जनभावनाओं और पर्यावरणीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
पाटन क्षेत्र के साथ भेदभाव, शाला प्रवेशोत्सव पर कांग्रेस का हमला
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि जिस भूमि पर प्लांट स्थापित किया जा रहा है, वह वर्षों से ग्रामीणों एवं आसपास के गांवों के पशुओं के लिए महत्वपूर्ण चरागाह भूमि के रूप में उपयोग में लाई जाती रही है। इस भूमि पर निर्माण होने से पशुपालकों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न होगा तथा पशुओं के लिए चारे की समस्या और अधिक बढ़ जाएगी।
उक्त पूरी प्रक्रिया में तहसीलदार द्वारा ग्राम सभा एवं पंचायत प्रस्ताव आपति को खारिज करना सीधे तौर पर पेशा एक्ट एवं माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करना है, ग्राम सभा ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रस्तावित प्लांट के संचालन से दुर्गंध, प्रदूषण, भूजल पर प्रतिकूल प्रभाव, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तथा आसपास के गांवों के पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की परियोजना के लिए ग्रामवासियों की आपत्तियों और सुझावों का समुचित निराकरण किए बिना निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है, जो जनहित के विपरीत है।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव किसानों, ग्रामीणों और आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। यदि ग्रामीणों की जायज मांगों की अनदेखी कर प्रशासन एकतरफा कार्रवाई करता है, तो कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जब तक सभी आपत्तियों का निराकरण नहीं हो जाता और ग्रामीणों की सहमति प्राप्त नहीं होती, तब तक निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर चरागाह भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा यदि प्लांट की स्थापना आवश्यक हो तो इसके लिए किसी अन्य उपयुक्त शासकीय भूमि का चयन किया जाए, जिससे ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों के हित प्रभावित न हों।
इस अवसर पर श्री राकेश ठाकुर जी अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग, हेमंत साहू अध्यक्ष युवा कांग्रेस अहिवारा विधानसभा, नरेश कुमार उपाध्याय नारधा मंडल कांग्रेस , सरपंच जितेंद्र टंडन, ग्राम पटेल मंगलू सिन्हा, नवाब अली, अरुण साहू, महेंद्र साहू , रवि चेलक , दया साहू सहित पंचगण व बड़ी संख्या में ग्राम खेरधा एवं आसपास के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



