मेधावी प्रतिभागियों को मिले गोल्ड व सिल्वर मेडल…
पाटन। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पाटन थाना पुलिस प्रशासन द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला-चंगोरी, संकुल केंद्र-बठेना, विकासखंड-पाटन, जिला-दुर्ग (छत्तीसगढ़) में एकता परेड 2026 एवं साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं ग्रामीणजनों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, अनुशासन तथा डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाना था।
एकता परेड 2026 के साथ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन…
कार्यक्रम के दौरान पाटन थाना पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों को अत्यंत सरल, सहज और प्रेरणादायी शब्दों में संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में निहित एकता है। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। बच्चों को जीवन में अनुशासन, आपसी भाईचारा, सहयोग और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी दी गई।
साइबर अपराधों से बचाव का दिया महत्वपूर्ण संदेश
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें समझाइश दी गई कि मोबाइल एवं इंटरनेट का उपयोग सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल अपने अभिभावकों एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानपाठक विरेन्द्र कुमार साहू ने उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “राष्ट्रीय एकता हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है और जागरूकता हमारे सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सजगता का विकास ही एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने पाटन थाना पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को सुरक्षित, जिम्मेदार और सजग नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
खेलों में बच्चों ने दिखाया उत्साह और प्रतिभा
कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कुर्सी दौड़, सुई-धागा एवं गोली-चम्मच दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुलिस प्रशासन द्वारा क्रमशः गोल्ड मेडल एवं सिल्वर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
पुलिस प्रशासन की ओर से सभी बच्चों को बिस्किट पैकेट भी वितरित किए गए। इस आत्मीय पहल ने बच्चों के उत्साह को और अधिक बढ़ा दिया।
कार्यक्रम में संकुल समन्वयक श्री नरोत्तम साहू, सरपंच श्रीमती रजनी रामकुमार कुर्रे, माधुरी मंडावी उप-सरपंच ग्रामवासी, एसएमसी अध्यक्ष श्री चेतन वर्मा एवं सदस्यगण, विद्यालयीन कर्मचारी योगेश्वरी वर्मा सहायक शिक्षक, दीपांजलि बंदे प्रेरक शिक्षक, एम एल चंद्रवंशी शिक्षाविद् ललिता कोसरिया कृष्णा यादव सत्यवती मारकंडे,पालकगण एवं बड़ी संख्या में बच्चों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रधानपाठक विरेन्द्र कुमार साहू एवं विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम के लिए पुलिस प्रशासन पाटन थाना का आभार माना है
राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, खेल भावना और साइबर सुरक्षा के संदेश से परिपूर्ण यह आयोजन चंगोरी विद्यालय के बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी अवसर बन गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जागरूक, अनुशासित और एकजुट नागरिक ही सुरक्षित, सशक्त एवं समृद्ध भारत की सच्ची नींव हैं।


