नाग पंचमी के पावन अवसर पर नागों की पूजा दक्षिणायनी रोहिणी माता मंदिर परसदा में संपन्न
कुम्हारी । नगर पालिका परिषद कुम्हारी के वार्ड क्रमांक 16 ग्राम परसदा जो कि खारुन नदी के तट पर अवस्थित है । ग्राम के छोर पर खारुन नदी तट के समीप ही स्वयं प्रकटा दक्षिणायनी माता रोहिणी का मनमोहक मंदिर जन आस्थाओं का केंद्र है । गुरुदेव स्वर्गीय फगुआ यादव के शिष्य मंदिर के पुजारी लच्छीराम यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि स्व-उद्भूत मां रोहिणी की कृपा से भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण होती है, इसी कारण यहां भक्तों की भारी भीड़ होती है । आगे उन्होंने बताया कि माता की प्रेरणा से श्रद्धालु भक्तों के सहयोग तथा स्वयं की राशि से माता के मंदिर का निर्माण कराया गया है । यहां प्रतिवर्ष चैत्र और शारदीय नवरात्र में जंवारा स्थापित कर हवन पूजन भव्य रूप से किया जाता है । इसी प्रकार नाग पंचमी को विशेष रूप से नागों की पूजा की जाती है । आसपास के ग्रामों से सपेरे नाग सांप लेकर मंदिर प्रांगण में आते हैं, विधि विधान पूर्वक नाग देवता की पूजा अर्चना पुजारी के माध्यम से करवाते हैं । इसी क्रम में अनेक ग्रामों से विभिन्न भजन मंडलियों द्वारा माता के दरबार में अनवरत भजन कीर्तन किया गया दूर-दूर के ग्रामों से अनेक श्रद्धालु भक्तजन इस विशेष पूजा में सम्मिलित होकर विभिन्न प्रजाति के नाग सांप को देखने, पूजा-अर्चना करने के लिए भारी संख्या में उपस्थित हुए । इस श्रावण सोमवार में नाग पंचमी के भक्ति पूर्ण कार्यक्रम को सम्पन्न कराए जाने की व्यवस्था शिव शक्ति सेवा समिति एवं श्री दक्षिणायनी धाम मंदिर समिति परसदा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साहपूर्वक सेवा भाव से की गई ।




