मेरे सपनों का भारत राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
पाटन। ‘मेरे सपनों का भारत’ राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पाटन में ‘मेरा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान छात्राओं ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार एवं भाषण प्रस्तुत किए। सांसद विजय बघेल ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा, योगेश निक्की भाले, नीलम चंद्राकर, हर्षा लोकमणी चंद्राकर, कमलेश चंद्राकर, दयानंद सोनकर, राजा पाठक, रानी बंछोर, राजेश चंद्राकर, राजू रुपेन्द्र साहू, धर्मेन्द्र सिगौर, प्रकाश बिजौर, कुनाल वर्मा, निशा सोनी, मिलन देवांगन, एसएनसी एवं सेजस सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प भारत को विकसित और विश्व में अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है।
बच्चों की कल्पना में दिखाई दिया विकसित भारत का सपना : विजय बघेल
सांसद विजय बघेल ने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने मन में बसे भारत के भविष्य को चित्रों और विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया है। बच्चों की प्रतिभा और उनकी सोच प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जीवन में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है कि हम प्रयास करें और किसी प्रतियोगिता में भाग लेने का साहस रखें।
उन्होंने कहा कि हम सभी को भारत देश का जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में अनेक चुनौतियां आईं, लेकिन वे निरंतर राष्ट्र सेवा में जुटे रहे। उनका संकल्प भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित करना है।
सांसद बघेल ने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अर्थव्यवस्था सहित अनेक क्षेत्रों में आगे आया है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया। अब देश को विकसित और सशक्त भारत के रूप में स्थापित करने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक एक कदम आगे बढ़ाने का संकल्प ले, तो पूरा देश आगे बढ़ सकता है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी स्वच्छता अभियान को लेकर उपहास किया जाता था, लेकिन आज स्वच्छता जनआंदोलन और मिशन का रूप ले चुकी है।
सांसद विजय बघेल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाला कल युवाओं का है। विद्यार्थी मन लगाकर पढ़ाई करें, अच्छे अंक प्राप्त करें और अपने परिवार, समाज तथा देश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में प्रदीप कुमार महिलांग, जे.पी. पाण्डेय, प्रदुमन लाल सिन्हा, कविता साहू, उषा चंद्राकर, मीरा, अनिल कुमार खेजा, मार्कण्डेय, सुरेश कुमार तिवारी, गुलेश्वर वर्मा, महेंद्र बहादुर, कामिनी साहू, योगिता साहू, हेमलता भाटिया एवं प्रदीप महिलांग सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


